रुद्रपुर। अतिक्रमण से जूझ रहे रुद्रपुर के बाजार के फुटपाथों पर कब्जा कर रहे लोगों के खिलाफ नगर निगम कार्रवाई करने से कतरा रहा है। इस कारण बाजार में अतिक्रमण का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई न होने से बाजार में खरीदारी करने के पहुंचने वाले आम लोगों में नगर निगम के खिलाफ गुस्सा है। लोगों का कहना है कि नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों की लापरवाही के कारण ही करोड़ों रुपये से बने फुटपाथों पर कब्जे हो रहे हैं। शुक्रवार को शहर के कई लोगों ने बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण से होने वाली समस्याओं के बारे में खुलकर बताया।
मुख्य बाजार में अतिक्रमण होने से वाहनों की आवाजाही में दिक्कत होती है। जाम की समस्या झेलनी पड़ती है। नगर निगम की ओर से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। – वीर विक्रम सिंह।
रुद्रपुर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण को लेकर कई बार अधिकारियों के संज्ञान में बात डाली गई है लेकिन कार्रवाई नहीं होती। अतिक्रमण के चलते ग्राहकों को दिक्कतें झेलनी पड़ती है। – नवनीत मिश्रा।
फुटपाथ पर कुछ दुकानदारों ने कब्जा कर लिया है। इसके साथ ही कुछ दुकानदार दुकानों के आगे ठेलियां लगवाकर अतिक्रमण भी करवाते हैं। इसके बदले में ठेली वाले से रुपये वसूलते हैं। – सुधाकर द्विवेदी।
फुटपाथ बनने का आम जनता को कोई फायदा नहीं मिला। फुटपाथों के साथ ही सड़क के किनारों पर भी अतिक्रमण किया जा रहा है। अतिक्रमण के कारण शाम के समय बाटा चौक से अग्रसेन चौक तक सबसे अधिक जाम लग रहा है। – राकेश कुमार।