Friday, April 3, 2026
Homeउत्तराखण्डनशीला पदार्थ पिलाकर महंत और उनके शिष्य को लूटा

नशीला पदार्थ पिलाकर महंत और उनके शिष्य को लूटा

जसपुर। तीरथ नगर गांव के प्राचीन शिव मंदिर के आश्रम के महंत और उनके शिष्य को दो बदमाशों ने नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर आश्रम में रखे लाखों रुपये की लूट कर ली। ग्रामीणों ने मंदिर आश्रम के महंत और उनके शिष्य को गंभीर हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। महंत की हालत चिंताजनक बनी हुई है। तीरथ नगर गांव के पास जंगल में तीर्थ नाम से प्राचीन शिव मंदिर और आश्रम है। इसी तीर्थ मंदिर के नाम से तीरथ नगर गांव बसा है। इस आश्रम में लगभग 50 वर्षों से जयानंद महाराज (70) रहते हैं। वही इस आश्रम के महंत हैं। उनके साथ उनके शिष्य चंद्रपाल सिंह (45) भी रहते हैं। शनिवार शाम को आश्रम में दो बदमाश आए। उन्होंने मंदिर के महंत से कहा कि वे जंगल में रास्ता भटक गए हैं। उन्हें जंगल के रास्ते से रामनगर जाना है।
महंत ने उन्हें जंगली जानवर के कारण रात में नहीं जाने की सलाह दी और आश्रम में रुकने का आग्रह किया जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। अतिथियों की सेवा सत्कार के लिए शिष्य ने भोजनशाला में जाकर उनके लिए चाय बनाई। वे भी शिष्य के साथ भोजनशाला में चले गए। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने मौका देख कर महंत और उनके शिष्य की चाय में नशीला पदार्थ मिला दिया। महंत खड़े-खड़े गिर कर बेहोश हो गए जिससे उनके सिर में भी चोटें आईं। गुरु और शिष्य दोनों के बेहोश होने पर आश्रम के भंडार के कमरे का ताला तोड़कर आश्रम में रखे लाखों रुपये लूट कर फरार हो गए।
प्रात: को पूजा-अर्चना करने पहुंचे ग्रामीणों ने आश्रम के भंडार का ताला टूटा देखा और महंत तथा उनके शिष्य को बेहोश पड़ा देखा। उन्होंने दोनों को आपात एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज कर रहे डॉ. विद्याभूषण ने बताया कि महंत की हालत चिंताजनक है। उनके शिष्य की हालत में सुधार है। ग्रामीणों ने बताया कि आश्रम में मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने दो लाख रुपये से अधिक का चंदा करके महंत को दिया था। महंत ने अलग से भी चंदा एकत्र किया था। अज्ञात लुटेरे सभी रुपये लूटकर फरार हो गए। उधर ग्रामीणों में इस घटना से रोष व्याप्त है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments