Wednesday, November 11, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डअल्मोड़ा में निशुल्क अल्ट्रासाउंड के लिए किराए में खर्च हो रहे दो...

अल्मोड़ा में निशुल्क अल्ट्रासाउंड के लिए किराए में खर्च हो रहे दो हजार रुपये

अल्मोड़ा। स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली लोगों की जेब पर डाका डाल रही है। गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा होने से जिले भर की गर्भवतियां यहां पहुंचती हैं। अल्ट्रासाउंड तो निशुल्क हो रहे हैं लेकिन टैक्सी व होटल के किराए में ही उनके दो हजार से अधिक रुपये खर्च हो रहे हैं। बुधवार को जिला महिला अस्पताल में गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड हुए। यहां प्रत्येक बुधवार को गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड की तिथि तय है। सुबह आठ बजे ही गर्भवतियों का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। दूर-दराज से 95 से अधिक महिलाएं अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचीं लेकिन 65 महिलाओं का ही अल्ट्रसाउंड हो सका। कई गर्भवतियों को बैरंग घर लौटना पड़ा तो कुछ को निजी क्लीनिकों की दौड़ लगानी पड़ी। हैरानी की बात यह है कि कई गर्भवतियां एक दिन पूर्व ही जिला मुख्यालय पहुंचीं और ठहरने के लिए होटलों में किराया चुकाना पड़ा। इसके बाद अस्पताल में नंबर आ सका। महिलाओं ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ही अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलती तो उन्हें इस तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। गर्भवतियां फ्री के अल्ट्रासाउंड के लिए हजारों रुपये खर्च करने करने के लिए मजबूर हैं।
घंटों करना अपनी बारी का इंतजार
अल्मोड़ा। बुधवार को बड़ी संख्या में गर्भवतियां अल्ट्रासाउंड कराने जिला महिला अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर भीड़ जुटी रही। भीड़ अधिक होने से गर्भवति महिलाओं को घंटों अस्पताल परिसर में बैठकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। रेडियोलॉजिस्ट की कमी के चलते एक ही दिन अल्ट्रासाउंड होता है। हर रोज गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड किए जा सकें, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन प्रयास कर रहा है। – प्रीति पंत पीएमएस महिला अस्पताल
गर्भवती महिलाओं ने कहा
मैं पिछली बार अल्ट्रसाउंड के लिए आई थी। तब नंबर नहीं आया और आज फिर यहां आना पड़ा है। हमें राहत देने के लिए हर रोज अल्ट्रासाउंड की सुविधा होनी चाहिए। – बबीता रौतेला, मकेड़ी
दूर दराज क्षेत्रों से आने वाली महिलाओं के अल्ट्रासाउंड नहीं होने से दिक्कत हो रही है। कई बार बैरंग लौटना पड़ता है। सप्ताह में दो दिन भी यह सुविधा मिले तो राहत होगी। – सुमन गोस्वामी, धारानौला
भीड़ अधिक होने से पिछली बार अल्ट्रासाउंड नहीं हो सका। तब निजी क्लीनिक में अल्ट्रासाउंड कराना पड़ा था। उम्मीद है आज नंबर आएगा। निश्चित तौर पर कई महिलाओं को बगैर अल्ट्रासाउंड के वापस लौटना पड़ रहा है। – राजकली खोल्टा
गर्भवतियों को कोई समस्या न हो, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को उन्हें सुविधाएं देनी चाहिए। दूर-दराज से यहां अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंचते हैं लेकिन किराए में हजारों देने पड़ते हैं। – नेहा आर्या बिहार खोला

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments