Friday, November 13, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधअंकिता हत्याकांड: दुष्यंत गौतम का पलटवार, बोले– मेरे खिलाफ रची जा रही...

अंकिता हत्याकांड: दुष्यंत गौतम का पलटवार, बोले– मेरे खिलाफ रची जा रही साजिश, सबूत मिले तो संन्यास लेने को तैयार

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम आखिरकार सार्वजनिक रूप से सामने आए। उन्होंने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि उनके विरुद्ध एक सोची-समझी साजिश रची जा रही है। दुष्यंत गौतम ने चुनौती देते हुए कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई भी ठोस और प्रमाणिक सबूत सामने आता है, तो वह राजनीतिक और सामाजिक जीवन से संन्यास लेने के लिए तैयार हैं।

शुक्रवार को जारी एक वीडियो बयान में दुष्यंत गौतम ने कहा कि वह बेहद दुखी मन से जनता के सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक और गलत मानसिकता वाले लोग जानबूझकर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार वीडियो और बयान प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।

दुष्यंत गौतम ने कहा कि वह पिछले 47 वर्षों से राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक जीवन में सक्रिय हैं और उन्होंने हमेशा नैतिक मूल्यों, भारतीय जनता पार्टी की प्रमाणिकता तथा समाज में बहन-बेटियों के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आज तक उनके जीवन में कोई ऐसी घटना नहीं हुई, जिससे उनके चरित्र पर सवाल खड़ा किया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन आरोपों की शुरुआत जिस व्यक्ति या मंच से हुई है, उसकी गहन जांच की जानी चाहिए। तथ्यों की सत्यता की पुष्टि किए बिना इस तरह के आरोप लगाना न केवल उनका चरित्र हनन है, बल्कि यह समाज की मां, बहन और बेटियों के सम्मान पर भी आघात है।

भाजपा प्रदेश प्रभारी ने कहा कि वह हर स्तर की जांच के लिए पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराने की भी बात कही।

दुष्यंत गौतम ने दो टूक कहा, “यदि मेरे विरुद्ध कोई भी सबूत सामने आता है, तो मैं राजनीतिक और सामाजिक जीवन से संन्यास ले लूंगा। लेकिन बेटी के नाम का इस्तेमाल कर बार-बार अपमान करना बेहद शर्मनाक है।”

उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने गृह सचिव को पत्र भी भेज दिया है और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही कहा कि साजिश रचने वालों को अब कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments