Monday, November 2, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडUttarakhand Weather Update: पहाड़ों में पाले की मार, मैदानों में शीतलहर और...

Uttarakhand Weather Update: पहाड़ों में पाले की मार, मैदानों में शीतलहर और कोहरा; जानिए कब बदलेगा मौसम

उत्तराखंड में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन ठंड का असर लगातार तेज होता जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने से ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि मैदानी इलाकों में शीतलहर और घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। भले ही प्रदेश में अभी बारिश और बर्फबारी नहीं हो रही हो, लेकिन सूखी ठंड के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।

मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार, 13 जनवरी को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि देहरादून समेत छह जिलों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और देर रात के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता कम हो सकती है, जिससे सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को मैदानी जिले देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के साथ ही नैनीताल, चंपावत और पौड़ी जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। इन जिलों में लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

पर्वतीय इलाकों में रात के समय तापमान शून्य के आसपास पहुंचने से पाला पड़ रहा है, जिससे जनजीवन के साथ-साथ कृषि पर भी असर पड़ रहा है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है, लेकिन सुबह और शाम की ठंड अभी भी परेशान कर रही है।

आने वाले दिनों के मौसम को लेकर विभाग ने बताया कि 16 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है। वहीं 17 और 18 जनवरी को उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। इससे ठंड और बढ़ सकती है।

मौसम विभाग ने नागरिकों से ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और वाहन चलाते समय सतर्क रहने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments