Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeनेशनलराजोरी में फिर पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ, सेना की फायरिंग के बाद...

राजोरी में फिर पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ, सेना की फायरिंग के बाद हुए गायब; पुंछ के ऊंचाई वाले इलाकों में ट्रेकिंग पर रोक

जम्मू-कश्मीर के राजोरी जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे इलाकों में एक बार फिर पाकिस्तानी ड्रोन की घुसपैठ का मामला सामने आया है। मंगलवार शाम को सीमावर्ती क्षेत्रों में ड्रोन देखे जाने के बाद भारतीय सेना ने तत्काल सतर्कता बरतते हुए फायरिंग की, जिसके बाद ड्रोन क्षेत्र से गायब हो गए। माना जा रहा है कि सेना की कार्रवाई के चलते ड्रोन या तो पाकिस्तान की ओर लौट गए या फिर कहीं गिर गए होंगे।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब सात बजे से साढ़े सात बजे के बीच सबसे पहले राजोरी के केरी सेक्टर के डूंगा गाला इलाके में दो से तीन ड्रोन उड़ते हुए दिखाई दिए। ड्रोन नजर आते ही सेना ने उन पर गोलियां दागीं। इसके बाद ड्रोन वहां से ओझल हो गए। इसके कुछ समय बाद ठंडीकस्सी क्षेत्र में भी ड्रोन देखे गए, जो थोड़ी देर बाद गायब हो गए।

गौरतलब है कि इससे पहले रविवार को भी राजोरी, पुंछ और सांबा जिलों में पाकिस्तानी ड्रोन देखे गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। फिलहाल सेना ने संबंधित इलाकों में घेराबंदी कर दी है और बुधवार सुबह तलाशी अभियान चलाया जाएगा।

सेना और प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों से अपील की गई है कि वे पूरी तरह सतर्क रहें। यदि किसी को कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को दें।

पुंछ के ऊंचाई वाले इलाकों में ट्रेकिंग, हाइकिंग और कैंपिंग पर प्रतिबंध

सुरक्षा हालात को देखते हुए पुंछ जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ट्रेकिंग, हाइकिंग और कैंपिंग जैसी गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। यह आदेश अगले दो महीनों तक लागू रहेगा।

डीसी कार्यालय पुंछ द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों के इनपुट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। आदेश में कहा गया है कि जिले के कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में व्यक्तियों या समूहों की आवाजाही जनसुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। ऐसे में किसी भी प्रकार की गतिविधि पर रोक आवश्यक है।

प्रशासन ने आम लोगों और पर्यटकों से दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग करने की अपील की है, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments