Saturday, October 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडहरिद्वार दौरे पर गृह मंत्री अमित शाह, गुरुवार को तीन कार्यक्रमों में...

हरिद्वार दौरे पर गृह मंत्री अमित शाह, गुरुवार को तीन कार्यक्रमों में करेंगे सहभाग

हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह बुधवार देर शाम हरिद्वार पहुंच गए। उनके आगमन पर जूना अखाड़ा महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने उनका स्वागत किया और शिष्टाचार भेंट की। गृह मंत्री फिलहाल पतंजलि योगपीठ में ठहरे हुए हैं और गुरुवार को जनपद में आयोजित तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों, कार्यक्रम स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा खुफिया एजेंसियां भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गुरुवार सुबह 10 बजे गृह मंत्री अमित शाह पतंजलि योगपीठ, महर्षि दयानंद ग्राम स्थित पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सुबह 10:45 बजे वह गायत्री तीर्थ शांतिकुंज पहुंचकर अखंड ज्योति के दर्शन करेंगे।

इसके पश्चात सुबह 11:15 बजे गृह मंत्री बैरागी द्वीप, कनखल में आयोजित माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अवसर पर गायत्री परिवार द्वारा आयोजित शताब्दी वर्ष समारोह 2026 में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

गृह मंत्री के सभी कार्यक्रमों में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति भी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments