Monday, February 2, 2026
Homeउत्तराखंडऋषिकेश में सनसनीखेज हत्या: दरवाजा खटखटाकर तलाकशुदा महिला को मारी गोली, मौके...

ऋषिकेश में सनसनीखेज हत्या: दरवाजा खटखटाकर तलाकशुदा महिला को मारी गोली, मौके पर मौत

ऋषिकेश क्राइम न्यूज़ | शिवाजी नगर में देर रात वारदात से दहशत

ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने दरवाजा खटखटाकर तलाकशुदा महिला को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला घर पर अकेली थी। इसी दौरान एक युवक बाइक से गली में पहुंचा और उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। महिला ने केवल अंदर का लकड़ी का दरवाजा खोला था, जबकि बाहर लगा जालीदार दरवाजा बंद था। तभी आरोपी युवक ने जाली के पास पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली सीधे महिला के सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन जालीदार दरवाजा बंद होने के कारण पुलिस को जाली तोड़कर घर के अंदर प्रवेश करना पड़ा। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि मृतका की पहचान प्रीति रावत (32 वर्ष) निवासी यमकेश्वर के रूप में हुई है। वह पिछले एक वर्ष से शिवाजी नगर में किराये पर रह रही थी और एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स में कार्यरत थी। बताया गया कि महिला का आठ वर्षीय बेटा है, जो अपने नाना के साथ रहता है।

पुलिस के अनुसार, मकान मालिक द्वारा किरायेदार का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था। इस मामले में मकान मालिक से पूछताछ की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसपी जया बलूनी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर जांच जारी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


पटाखे जैसी आवाज से हुआ खुलासा

पड़ोसी राधेश्याम ने बताया कि अचानक पटाखे जैसी तेज आवाज सुनकर वह चौंक गए। जब उन्होंने चहारदीवारी से झांककर देखा तो महिला खून से लथपथ पड़ी थी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी और पुलिस को बुलाया गया।

इस घटना के बाद शिवाजी नगर क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments