देहरादून।
उत्तराखंड के कोटद्वार से जुड़े घटनाक्रम को लेकर प्रदेश की राजनीति में तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। मोहम्मद दीपक के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद माहौल गरमाया हुआ है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणी देवभूमि की शांत फिजा को बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा लगती है।
भाजपा ने कोटद्वार के घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस संवेदनशील मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं का रवैया गैर-जिम्मेदाराना है। महेंद्र भट्ट ने आरोप लगाया कि स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने भी नकारात्मक भूमिका निभाई और मामले को राजनीतिक रंग देकर तनाव बढ़ाने की कोशिश की।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था के मामलों में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगी। जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सरकार लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में भी पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए रिपोर्ट दर्ज की और जांच शुरू कर दी है। सभी पक्षों को धैर्य रखने और शांति बनाए रखने की आवश्यकता है, क्योंकि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है।
महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र करते हुए आशंका जताई कि कहीं यह पूरा घटनाक्रम पूर्व नियोजित तो नहीं था। उन्होंने कहा कि राजनीतिक समझदारी और जिम्मेदारी यह होती कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अपने युवा नेता के कृत्य पर गंभीरता दिखाते और जांच में सहयोग की अपील करते, न कि उसे बढ़ावा देते।
भट्ट ने आरोप लगाया कि जिस व्यक्ति पर सरेआम अभद्र भाषा के इस्तेमाल और मारपीट के आरोप सामने आए हैं, उसे धर्मनिरपेक्षता का नायक बताना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस किसी भी कीमत पर वर्ष 2027 में सत्ता में वापसी चाहती है और इसी उद्देश्य से समाज में तनाव पैदा करने वाले मुद्दों को हवा दी जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दोहराया कि उत्तराखंड की शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और सरकार सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रखेगी।