देहरादून के दूल्हा बाजार में हुई गुंजन की दिनदहाड़े हत्या को लेकर लगातार चौंकाने वाले तथ्य सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्यारोपी आकाश घटना से कम से कम दो दिन पहले से धारदार हथियार लेकर खुलेआम घूम रहा था। हैरानी की बात यह है कि इस गंभीर खतरे की सूचना 31 जनवरी को ही आरोपी की पत्नी ने गुंजन के परिजनों को दे दी थी, इसके बावजूद समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
परिजनों का आरोप है कि गुंजन की जान को खतरा बताते हुए खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में घटना से तीन दिन पहले लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे सामान्य विवाद मानते हुए गंभीरता से नहीं लिया। गुंजन के चचेरे भाई अंश ने बताया कि आरोपी की पत्नी ने फोन कर साफ तौर पर आगाह किया था कि आकाश धारदार हथियार लेकर घूम रहा है और किसी भी समय बड़ी वारदात को अंजाम दे सकता है। यदि इस चेतावनी को समय रहते गंभीरता से लिया जाता, तो शायद गुंजन की जान बचाई जा सकती थी।
सोमवार को शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दूल्हा बाजार में आकाश ने गुंजन पर चापड़ से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुंजन की मौके पर ही मौत हो गई। इस जघन्य घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और व्यापारियों ने विरोध स्वरूप बाजार बंद कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि इससे पहले भी आकाश द्वारा परेशान किए जाने पर गुंजन ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय दोनों के बीच समझौता करा दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी आरोपी लगातार गुंजन से संपर्क करने की कोशिश करता रहा और उसे जान से मारने की धमकियां देता रहा। परिजनों का आरोप है कि आकाश ने शादी का दबाव बनाते हुए कहा था कि यदि गुंजन उससे विवाह नहीं करेगी तो वह उसकी हत्या कर देगा।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि एसआईटी को पूरे मामले की गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं। पूर्व में दी गई शिकायतों, चेतावनियों और पुलिस कार्रवाई की भी विस्तृत समीक्षा की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर चार्जशीट दाखिल की जाएगी।