देहरादून: राजधानी देहरादून में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्पलेक्स में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिम से बाहर निकलते समय युवक के सिर में गोली मारी गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन कारोबार से जुड़ा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विक्रम शर्मा रोज की तरह जिम से बाहर निकला ही था कि अचानक एक युवक ने उसके सिर पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
पैदल आया था हत्यारा, गोली मारकर फरार
घटनास्थल पर मौजूद लोगों के अनुसार हमलावर पैदल ही मौके पर पहुंचा था और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके को सील कर दिया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने हत्यारे की तलाश के लिए कई टीमें गठित की हैं।
लगातार हत्याओं से सवालों में कानून-व्यवस्था
राजधानी में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज तीन दिन पहले 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट के बाहर कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस वारदात के बाद भी लोग दहशत में थे और अब राजपुर रोड पर हुई इस हत्या ने शहरवासियों की चिंता और बढ़ा दी है।
पहले भी दहल चुका है दून
बीते दिनों देहरादून शहर कई बड़ी आपराधिक घटनाओं का गवाह बन चुका है। 2 फरवरी को दूल्हा बाजार में हुए गुंजन हत्याकांड ने शहर को झकझोर दिया था। वहीं ऋषिकेश में प्रीति रावत की गोली मारकर हत्या और विकासनगर क्षेत्र में 12वीं की छात्रा मनीषा तोमर की धारदार हथियार से हत्या जैसी घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं।
लगातार हो रही इन वारदातों से आमजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। फिलहाल राजपुर रोड हत्याकांड की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।