Saturday, February 28, 2026
Homeउत्तराखंडविकासनगर में मवेशियों को रौंदकर भागे खनन डंपर, पांच भैंसों की मौत,...

विकासनगर में मवेशियों को रौंदकर भागे खनन डंपर, पांच भैंसों की मौत, चार पशु गंभीर घायल

विकासनगर: खनन डंपरों की टक्कर से बड़ा हादसा, पांच भैंसों की मौत, तीन भैंस और एक गाय गंभीर घायल

देहरादून जनपद के विकासनगर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार खनन डंपरों ने सड़क पर जा रहे मवेशियों को कुचल दिया। हादसे में पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन भैंस और एक गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं। पशुपालक हादसे में बाल-बाल बच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर निवासी वन गुर्जर यूसुफ अपने 15 मवेशियों को हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से वापस अपने डेरे की ओर लेकर आ रहे थे। सुबह करीब 5:30 बजे बल्लूपुर–पांवटा फोरलेन हाईवे पर आदूवाला स्थित मित्रा ढाबा के पास धर्मावाला की दिशा से आ रहे दो तेज रफ्तार खनन डंपरों ने मवेशियों को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि पांच भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के दौरान पशुपालक यूसुफ भी डंपरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही हरबर्टपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि मृत पशुओं का पंचनामा भरने के साथ ही शीशमबाड़ा से पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाया गया। चिकित्सकों ने घायल पशुओं का प्राथमिक उपचार कर उन्हें आगे इलाज के लिए गोसदन भेज दिया।

पुलिस ने दोनों खनन डंपरों को कब्जे में लेकर चौकी में खड़ा करवा दिया है। फिलहाल पशुपालक की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पीड़ित पशुपालक यूसुफ ने बताया कि मवेशी ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन हैं। एक साथ पांच मवेशियों की मौत और अन्य के घायल होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments