देहरादून। राजधानी देहरादून में चल रहे ऐतिहासिक श्री झंडे जी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्री झंडे जी के आरोहण के तीसरे दिन मंगलवार को भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने शामिल होकर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया। नगर परिक्रमा का नेतृत्व श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने किया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री दरबार साहिब परिसर में एकत्रित होने लगे थे। धार्मिक अनुष्ठानों के बाद नगर परिक्रमा की शुरुआत हुई। भक्तों के जयकारों और भक्ति भाव के बीच निकली यह परिक्रमा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब से शुरू होकर सहारनपुर चौक, कांवली रोड, एसजीआरआर बिंदाल, तिलक रोड, चकराता रोड, घंटाघर और पलटन बाजार से होती हुई पुनः श्री दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने संगत का स्वागत किया और आस्था का माहौल बना रहा।
इस अवसर पर श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य को जीवन का सच्चा मार्ग मिलता है। गुरु की वाणी अमृत के समान होती है, जो मानव जीवन को पवित्र और सफल बनाती है। उन्होंने कहा कि भक्ति, सेवा और सत्कर्म ही मानव जीवन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। जो व्यक्ति सच्चे मन से गुरु का स्मरण करता है, उस पर सद्गुरु की असीम कृपा बनी रहती है।
नगर परिक्रमा के दौरान एसजीआरआर बॉम्बेबाग में श्रद्धालुओं के लिए गन्ने का प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही श्री दरबार साहिब परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया, जिसमें लगभग 200 यूनिट रक्तदान किया गया।
मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि नगर परिक्रमा दूनवासियों के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होता है। इस दौरान देश-विदेश से आई संगत और स्थानीय लोगों के बीच आस्था और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।