Wednesday, March 11, 2026
Homeअपराधकोटद्वार में अवैध खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, खोह नदी से पांच...

कोटद्वार में अवैध खनन पर प्रशासन की कार्रवाई, खोह नदी से पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

कोटद्वार। पौड़ी जिले के कोटद्वार क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए खोह नदी में खनन कर रहे पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। प्रशासन की टीम ने झूला पुल के पास छापेमारी कर अवैध रूप से खनन कर रहे वाहनों को पकड़ा। सभी वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में बुधवार सुबह उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार के निर्देश पर नायब तहसीलदार राजेंद्र सनवाल के नेतृत्व में राजस्व टीम ने झूला पुल के पास खोह नदी में औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान टीम ने नदी में अवैध रूप से खनन करते हुए पांच ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही पकड़ लिया। प्रशासनिक टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर अपने कब्जे में ले लिया।

उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि अवैध खनन को रोकने के लिए प्रशासन लगातार छापेमारी अभियान चला रहा है। पकड़े गए वाहनों के स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में लिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments