Tuesday, November 10, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडअल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा: 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार,...

अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा: 60 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पीएनबी के कैशियर की मौके पर मौत

Almora News: कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी, हादसे में पीएनबी के कैशियर की मौके पर ही मौत

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के कैशियर की मौके पर ही मौत हो गई। कार के अनियंत्रित होकर लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिरने से यह हादसा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया।

सल्ट के कूपी बैंड के पास हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार दुर्घटना सल्ट थाना क्षेत्र के कूपी बैंड के पास हुई। मृतक की पहचान सुभाष सिंह बिष्ट (35) पुत्र धीरेंद्र सिंह बिष्ट निवासी कचनाल गाजी, काशीपुर के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि सुभाष सिंह बिष्ट शुक्रवार को थलीसैंण से कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कूपी बैंड के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

सुबह लोगों को लगी हादसे की भनक

रात के अंधेरे के कारण आसपास के लोगों को दुर्घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह करीब 7:25 बजे स्थानीय लोगों की नजर खाई में गिरी कार पर पड़ी। इसके बाद तुरंत सल्ट थाना पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद वाहन के भीतर फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बाद में आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिवार कर रहा था घर आने का इंतजार

इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं। सुभाष सिंह बिष्ट पंजाब नेशनल बैंक में कैशियर के पद पर कार्यरत थे। शनिवार और रविवार की छुट्टी होने के कारण वह अपने परिवार और बच्चों से मिलने घर आ रहे थे।

परिजन उनके घर पहुंचने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन जैसे ही हादसे और मौत की खबर मिली, पूरे परिवार में मातम छा गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहाड़ी सड़कों पर बढ़ते हादसे चिंता का कारण

स्थानीय लोगों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में घुमावदार और संकरी सड़कों के कारण सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। सल्ट क्षेत्र की कई सड़कें काफी खतरनाक हैं।

ग्रामीणों के अनुसार कूपी बैंड के पास पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कई स्थानों पर पैराफिट और सुरक्षा बैरियर नहीं बने होने से वाहन के खाई में गिरने का खतरा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के इंतजाम मजबूत करने की मांग की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments