भराड़ीसैंण विधानसभा में चले शब्दों के बाण, सरकार ने सदन में रखा चार साल का रोडमैप
भराड़ीसैंण। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। पांच दिनों तक चले इस सत्र में सरकार ने अपने चार वर्षों की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं का रोडमैप सदन के पटल पर रखा, जबकि विपक्ष ने विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने का प्रयास किया।
सत्र के दौरान भराड़ीसैंण की वादियों में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान सत्ता और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के साथ शब्दों के तीखे वार भी होते रहे।
बजट पर पक्ष-विपक्ष के बीच हुई बहस
शुक्रवार को सदन में भोजनावकाश के बाद बजट पर चर्चा शुरू हुई। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने अपनी-अपनी बात रखी। विधानसभा सत्र के पांचवें दिन भ्रष्टाचार, खनन, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और किसानों से जुड़े मुद्दे सदन में प्रमुख रूप से उठाए गए।
सरकार ने पहले से ही पांच दिन का सत्र निर्धारित किया था, लेकिन विपक्ष लगातार सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग करता रहा। विपक्ष का आरोप था कि सरकार जानबूझकर सदन को कम समय दे रही है और महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से बच रही है।
मुख्यमंत्री ने दिया जवाब का भरोसा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में कहा कि सरकार विपक्ष के हर सवाल का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यकता हुई तो चर्चा के लिए सत्र को सोमवार तक भी बढ़ाया जा सकता है।
आमतौर पर विधानसभा में विपक्ष के वॉकआउट के बाद बजट ध्वनिमत से पारित कर दिया जाता है, लेकिन इस बार विपक्ष पूरे समय सदन में मौजूद रहा। सरकार ने भी विपक्ष को बजट पर चर्चा के लिए पर्याप्त अवसर दिया।
देर रात तक चली कार्यवाही
पांच दिनों तक चले इस सत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच कई मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिली। अंतिम दिन विधानसभा परिसर में यह चर्चा रही कि देर शाम तक सत्र समाप्त कर दिया जाएगा, लेकिन कार्यवाही देर रात तक चलती रही।
दोपहर बाद भराड़ीसैंण में गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगी थीं और कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी वापस लौटने लगे थे। इसके बावजूद मंत्री और विधायक देर रात तक सदन में मौजूद रहे।
अंततः रात करीब 12:30 बजे बजट पारित किया गया, जिसके बाद विधानसभा सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।