बंगापानी–मदकोट मार्ग पर दर्दनाक हादसा, मुनस्यारी जा रही कार अनियंत्रित होकर खाई में गिरी
पिथौरागढ़। जिले के बंगापानी–मदकोट मार्ग पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुनस्यारी की ओर जा रही एक इनोवा कार बंगापानी से करीब एक किलोमीटर पहले एन बैंड के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में सेना के एक जवान समेत तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार को कुछ युवक इनोवा कार से मदकोट के रास्ते मुनस्यारी की ओर जा रहे थे। जैसे ही वाहन बंगापानी से लगभग एक किलोमीटर पहले एन बैंड के पास पहुंचा, चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और कार गहरी खाई में जा गिरी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। खाई में गिरी कार से युवकों को बाहर निकाला गया, जिनमें लक्ष्मण सिंह नेगी पुत्र राम सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातोली (मुनस्यारी) व हाल निवासी जीआईसी पिथौरागढ़ तथा अंकित पांडे (27) पुत्र बसंत पांडे निवासी दौला, पिथौरागढ़ की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल आयुष पंत पुत्र नरेंद्र पंत और देवेश पंत, दोनों निवासी पिथौरागढ़ को पहले स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों से निकाला और बाद में 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पिथौरागढ़ के लिए भेजा गया। लेकिन रास्ते में अस्कोट के पास आयुष पंत ने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की एएमसी (Army Medical Corps) में तैनात था। जवान की मौत की खबर से परिजनों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
फिलहाल घायल देवेश पंत का इलाज चल रहा है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।