देहरादून। उत्तराखंड में हवाई संपर्क को बेहतर बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। जल्द ही देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच उड़ान सेवा शुरू होने की संभावना है। इस संबंध में केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जानकारी दी है।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुछ समय पहले केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू को पत्र लिखकर देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवाओं को मजबूत करने का अनुरोध किया था। मुख्यमंत्री के इस आग्रह पर केंद्रीय मंत्री ने जवाबी पत्र भेजते हुए बताया कि क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत इस रूट पर जल्द ही उड़ान सेवा शुरू की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच आरसीएस उड़ानों के संचालन के लिए मैसर्स स्काईहॉप एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद कंपनी इस रूट पर नियमित उड़ान सेवा शुरू करेगी।
बताया गया है कि पहले इस मार्ग पर हवाई सेवा का संचालन मैसर्स फ्लाइबिंग कंपनी कर रही थी, लेकिन बाद में कंपनी ने इस रूट पर आरसीएस उड़ानों के संचालन का अधिकार स्काईहॉप एविएशन को सौंप दिया है।
केंद्र सरकार की ओर से यह भी प्रयास किए जा रहे हैं कि देहरादून और पिथौरागढ़ के बीच नियमित विमान सेवाएं संचालित हों। इसके लिए अन्य विमानन कंपनियों को भी पत्र भेजे जा रहे हैं, ताकि भविष्य में इस रूट पर हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा सके।
देहरादून-पिथौरागढ़ के बीच उड़ान सेवा शुरू होने से कुमाऊं क्षेत्र के दूरस्थ जिलों की राजधानी से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही स्थानीय लोगों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।