Tuesday, March 24, 2026
Homeउत्तराखंडफेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 बनीं चमोली की आंचल फरस्वाण, राष्ट्रीय प्रतियोगिता...

फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 बनीं चमोली की आंचल फरस्वाण, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में करेंगी प्रदेश का प्रतिनिधित्व

देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 के ग्रैंड फिनाले में चमोली जिले की आंचल फरस्वाण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आई 21 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, लेकिन कड़े मुकाबले के बीच आंचल फरस्वाण विजेता बनने में सफल रहीं। अब वह आगामी फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

देहरादून में आयोजित इस भव्य ग्रैंड फिनाले में प्रतिभागियों को कई राउंड से गुजरना पड़ा, जिसमें रैंप वॉक, टैलेंट और सवाल-जवाब जैसे चरण शामिल थे। आंचल ने हर चरण में आत्मविश्वास और बेहतर प्रदर्शन के दम पर निर्णायकों को प्रभावित किया और अंततः उनके सिर पर फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 का ताज सजा।

आंचल फरस्वाण मूल रूप से चमोली जनपद के बंड क्षेत्र के पीपलकोटी स्थित किरुली गांव की निवासी हैं। फिलहाल उनका परिवार देहरादून में रहता है। आंचल देहरादून में फिजियोथेरेपी की पढ़ाई कर रही हैं और पढ़ाई के साथ-साथ मॉडलिंग के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं।

उनके पिता रविंद्र फरस्वाण भारतीय सेना से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। साधारण परिवार से आने वाली आंचल की इस उपलब्धि से उनके पैतृक गांव किरुली समेत पूरे बंड क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

आंचल की सफलता पर क्षेत्र के लोगों और परिचितों ने उन्हें बधाई दी है। लोगों को उम्मीद है कि वह राष्ट्रीय स्तर पर होने वाली फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर उत्तराखंड और चमोली जिले का नाम रोशन करेंगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments