NHAI Summer Internship 2026: हाईवे प्रोजेक्ट्स पर काम करने का मौका, छात्रों को मिलेगा 20 हजार रुपये स्टाइपेंड
नई दिल्ली। इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने समर इंटर्नशिप 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस इंटर्नशिप के तहत छात्रों को देशभर में चल रही राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर काम करने का अवसर मिलेगा।
चयनित छात्रों को इस दौरान प्रैक्टिकल अनुभव के साथ हर महीने 20,000 रुपये का स्टाइपेंड भी दिया जाएगा। इच्छुक और योग्य छात्र NHAI की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
4 मई से 5 जुलाई तक चलेगा कार्यक्रम
NHAI के अनुसार यह समर इंटर्नशिप 4 मई से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान चयनित छात्र विभिन्न तकनीकी और गैर-तकनीकी क्षेत्रों से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे और अनुभवी विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में सीखने का मौका मिलेगा।
इन विषयों के छात्र कर सकते हैं आवेदन
इस इंटर्नशिप कार्यक्रम में कई क्षेत्रों के छात्रों को आवेदन का अवसर दिया गया है।
तकनीकी क्षेत्र:
- सिविल इंजीनियरिंग
- आईटी और कंप्यूटर साइंस
- इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन
- इलेक्ट्रिकल और इंस्ट्रूमेंटेशन इंजीनियरिंग
- डेटा साइंस
- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
गैर-तकनीकी क्षेत्र:
- कानून (BA LLB)
- वाणिज्य (BCom)
- विज्ञान (BA/BSc)
- प्रबंधन (MBA – HR, फाइनेंस, मार्केटिंग)
- जनसंचार
- लाइब्रेरी साइंस
मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालयों में मिलेगा काम का अनुभव
चयनित उम्मीदवारों को NHAI के मुख्यालय और क्षेत्रीय कार्यालयों में काम करने का मौका दिया जाएगा। यहां वे अनुभवी पेशेवरों के साथ काम करते हुए देश के इंफ्रास्ट्रक्चर और हाईवे सेक्टर की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकेंगे।
इन छात्रों को मिलेगा मौका
इस इंटर्नशिप के लिए NIRF रैंकिंग वाले कॉलेज, प्रतिष्ठित लॉ यूनिवर्सिटी, टॉप मैनेजमेंट कॉलेज और जनसंचार संस्थानों में पढ़ रहे ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन के छात्र आवेदन कर सकते हैं।
पहले भी मिला अच्छा रिस्पॉन्स
NHAI के अनुसार यह इंटर्नशिप कार्यक्रम दिसंबर 2025 में शुरू किया गया था और इसे छात्रों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला।
करीब 244 सिविल इंजीनियरिंग छात्रों ने एक महीने की इंटर्नशिप की, जबकि 149 छात्रों ने जनवरी से जून 2026 तक चलने वाली छह महीने की इंटर्नशिप में भाग लिया। सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए अब समर इंटर्नशिप का दायरा बढ़ाया गया है।
ऐसे करें आवेदन
- सबसे पहले NHAI की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
- होमपेज पर Internship या Career सेक्शन में क्लिक करें।
- वहां Summer Internship 2026 लिंक पर जाएं।
- आवेदन फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी भरें।
- आवश्यक दस्तावेज जैसे रिज्यूमे और मार्कशीट अपलोड करें।
- जानकारी की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट कर दें।
इस इंटर्नशिप के माध्यम से छात्रों को हाईवे और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का सुनहरा अवसर मिलेगा।