रुड़की के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में सर्वज्ञ पब्लिक स्कूल के पास एक युवक पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को घेरकर बेल्ट और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुभाषनगर निवासी राघव गोस्वामी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 29 मार्च की रात करीब 8:30 बजे वह सर्वज्ञ पब्लिक स्कूल के पास से गुजर रहा था। उसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे घेर लिया और गाली-गलौज करने लगे।
राघव के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उसे बाइक से गिरा दिया और बेल्ट तथा लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित ने बताया कि जान बचाने के लिए वह पास के एक घर में घुस गया और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर युवक को धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एक आरोपी को पहचानता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।