देहरादून के सहस्त्रधारा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां टूरिस्ट प्लेस के पास एक युवक गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना राजपुर क्षेत्र के आईटी पार्क चौकी के अंतर्गत सहस्त्रधारा टूरिस्ट प्लेस के पास एक व्यक्ति लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया और तत्काल एसडीआरएफ टीम को रेस्क्यू अभियान के लिए रवाना किया गया।
एसडीआरएफ की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और दुर्गम इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। खाई काफी गहरी और रास्ता बेहद खतरनाक होने के कारण जवानों को नीचे उतरने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद एसडीआरएफ के जवान खाई में गिरे युवक तक पहुंचने में सफल रहे और उसे बाहर निकाला। हालांकि तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
इसके बाद टीम ने शव को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने का प्रयास कर रही है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।