Thursday, October 8, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडअल्मोड़ा में बड़ा सड़क हादसा टला: सल्ट क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलटी...

अल्मोड़ा में बड़ा सड़क हादसा टला: सल्ट क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलटी कार, दो महिलाएं घायल, हायर सेंटर रेफर

अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में एक कार के अनियंत्रित होकर पलटने से दो महिलाएं घायल हो गईं। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार हादसा सल्ट क्षेत्र के शशिखाल बाजार के पास हुआ। दिल्ली से अपने पैतृक गांव पैसिया-गढ़कोट (सल्ट) जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में कार में सवार दो महिलाएं घायल हो गईं।

बताया जा रहा है कि दरबान सिंह रावत (58) अपनी पत्नी निर्मल रावत (54) और भाभी माधुरी देवी (62) के साथ कार (डीएल-12 सीटी-6489) से दिल्ली से अपने पैतृक गांव लौट रहे थे। तीनों लोग सुबह करीब चार बजे दिल्ली से निकले थे और दोपहर करीब डेढ़ बजे शशिखाल बाजार के पास बासुआ बैंड पार करते ही यह हादसा हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वाहन चला रहे दरबान सिंह रावत को अचानक झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहाड़ी की ओर बनी नाली से टकराकर पलट गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि कार खाई की ओर नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

हादसे के तुरंत बाद पीछे से आ रहे स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इस दुर्घटना में निर्मल रावत और माधुरी देवी घायल हो गईं, जबकि चालक दरबान सिंह रावत सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य में सहयोग किया। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवालय पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments