Saturday, April 11, 2026
Homeअपराधदेहरादून में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार: IMA, ISBT और PHQ थे निशाने पर,...

देहरादून में संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार: IMA, ISBT और PHQ थे निशाने पर, पाकिस्तान भेजी लोकेशन

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। झाझरा क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपी विक्रांत से पूछताछ में सामने आया है कि वह शहर के कई संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों को निशाना बनाने की साजिश में शामिल था। उसके निशाने पर भारतीय सैन्य अकादमी (IMA), अंतरराज्यीय बस अड्डा (ISBT) और पुलिस मुख्यालय (PHQ) जैसे महत्वपूर्ण संस्थान थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इन स्थानों की रेकी कर उनकी फोटो और वीडियो पाकिस्तान भेजी थी। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि वह लंबे समय से देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त था।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या से जुड़ा था मामला

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाबी गायक Sidhu Moosewala का कट्टर प्रशंसक था और उनकी हत्या से बेहद आक्रोशित था। इसी भावना में आकर वह सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित शहजाद भट्टी के संपर्क में आया।

बताया जा रहा है कि शहजाद भट्टी सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और वीडियो साझा करता था, जिनमें मूसेवाला की हत्या का बदला लेने की बात कही जाती थी। संपर्क में आने के बाद आरोपी को अलग-अलग टास्क दिए जाने लगे।

पहले छोटे टास्क, फिर संवेदनशील ठिकानों की रेकी

शुरुआत में आरोपी को देहरादून के पुलिस थानों और प्रमुख स्थानों के वीडियो बनाकर भेजने को कहा गया। जांच में सामने आया कि उसने पुलिस चौकी झाझरा की लोकेशन और वीडियो फुटेज भी पाकिस्तान भेजी।

इसके बाद उसे और गंभीर टास्क दिए गए, जिनमें IMA, ISBT और PHQ जैसे संवेदनशील संस्थानों की रेकी कर वीडियो और फोटो भेजना शामिल था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने इनमें से कुछ स्थानों की जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचा दी थी।

बम धमाके की साजिश का भी खुलासा

पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसे पाकिस्तान से निर्देश मिला था कि इन स्थानों पर बम धमाके करने हैं। इसके लिए बम, हथियार और पैसे “गुर्जर” नामक व्यक्ति द्वारा उपलब्ध कराए जाने थे। हालांकि, घटना को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

‘तहरीक-ए-तालिबान- हिन्दुस्तान’ के नाम पर फैलानी थी दहशत

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी को ‘तहरीक-ए-तालिबान- हिन्दुस्तान (TTH)’ के नाम से दहशत फैलाने के निर्देश दिए गए थे। इसके तहत उसने देहरादून के सेलाकुई, अडवाणी पुल और झाझरा क्षेत्र में दीवारों पर स्प्रे पेंट से ‘TTH’ लिखकर उसकी वीडियो बनाकर पाकिस्तान भेजी।

CCTV कैमरों की लोकेशन भी भेजी

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने शहर के विभिन्न स्थानों पर लगे CCTV कैमरों की लोकेशन भी पाकिस्तान भेजी थी। वह पिछले कई महीनों से देहरादून में अलग-अलग जगहों की रेकी कर रहा था और महत्वपूर्ण स्थानों की फोटो व वीडियो जुटा रहा था।

पहले पंजाब में कर चुका है काम

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2024 और 2025 में पंजाब के नाभा में रह चुका है, जहां वह ट्रकों की बॉडी बनाने का काम करता था।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

इस पूरे मामले के खुलासे के बाद देहरादून समेत आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और आरोपी के अन्य संभावित नेटवर्क व संपर्कों की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस और खुफिया एजेंसियां अब इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि आरोपी किसी बड़े आतंकी नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments