Friday, April 17, 2026
Homeउत्तराखंडहल्द्वानी हाईवे हादसा: डंपर की टक्कर से हेड कांस्टेबल गंभीर घायल, देर...

हल्द्वानी हाईवे हादसा: डंपर की टक्कर से हेड कांस्टेबल गंभीर घायल, देर रात हुई न्यूरो सर्जरी

हल्द्वानी। हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पुलिस विभाग के हेड कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गए। बेलबाबा मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार हेड कांस्टेबल को सामने से टक्कर मार दी, जिससे उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उनकी न्यूरो सर्जरी की गई। फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल पुष्कर रौतेला किसी मामले की रिपोर्ट लेने के लिए रुद्रपुर स्थित फोरेंसिक लैब गए थे। गुरुवार शाम रिपोर्ट लेकर वह बाइक से हल्द्वानी लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब साढ़े नौ बजे बेलबाबा मंदिर के पास यह हादसा हो गया।

बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार डंपर सामने चल रही कार को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे हेड कांस्टेबल की बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर पर गंभीर चोट आई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल हेड कांस्टेबल को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

रुद्रपुर से बुलाए गए न्यूरो सर्जन
हेड कांस्टेबल की गंभीर हालत को देखते हुए रुद्रपुर से न्यूरो सर्जन डॉ. अजय बजाज को विशेष रूप से बुलाया गया। उन्होंने एसटीएच के चिकित्सकों की टीम के साथ मिलकर देर रात ऑपरेशन किया। डॉक्टरों के अनुसार, मरीज की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।

इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिसकर्मी का हालचाल जाना। वहीं, अस्पताल में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों ने हेड कांस्टेबल की पत्नी को ढांढस बंधाया।

पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के लिए जिम्मेदार डंपर चालक की तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments