Friday, April 17, 2026
Homeउत्तराखंडरुद्रपुर: गेहूं खरीद शुरू न होने पर भड़के विधायक तिलक राज बेहड़,...

रुद्रपुर: गेहूं खरीद शुरू न होने पर भड़के विधायक तिलक राज बेहड़, बोले- किसानों को परेशान किया तो अधिकारियों को जूतों से पिटवाऊंगा

रुद्रपुर/किच्छा। किच्छा की नई मंडी में गेहूं खरीद शुरू न होने से किसानों का आक्रोश खुलकर सामने आया। हालात तब और गरमा गए जब क्षेत्रीय विधायक तिलक राज बेहड़ मौके पर पहुंचे और अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए जमकर फटकार लगाई। इस दौरान विधायक ने करीब दो घंटे तक किसानों के साथ धरना दिया और संबंधित अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए।

बताया जा रहा है कि नई मंडी स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर लंबे समय से खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई थी, जिससे किसानों में भारी नाराजगी थी। जैसे ही विधायक बेहड़ को इस स्थिति की जानकारी मिली, वे तुरंत मंडी पहुंचे और वहां मौजूद एसएमओ समेत अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को कठघरे में खड़ा कर दिया।

धरने के दौरान विधायक बेहड़ ने अपना आपा खोते हुए तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी हुई तो आरएमओ, एसएमओ, आरएफसी सहित सभी जिम्मेदार अधिकारियों को किसानों से जूतों से पिटवाया जाएगा और जूतों की माला पहनाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि क्रय केंद्र पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी का खेल चल रहा है।

मंडी पहुंचने के बाद विधायक ने केंद्र प्रभारी सीमा रावत से गेहूं खरीद में देरी का कारण पूछा। इस पर उन्हें बताया गया कि पोर्टल में तकनीकी समस्या के चलते खरीद शुरू नहीं हो पा रही है। इस जवाब से असंतुष्ट विधायक ने एसएमओ ओम नारायण मिश्रा को जमकर लताड़ा और उन पर पूर्व में धान खरीद में अनियमितताओं के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मिश्रा के खिलाफ जांच के आदेश होने के बावजूद उन्हें दोबारा तैनात किया गया है, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

धरने के दौरान किसानों और स्थानीय लोगों ने भी विधायक का समर्थन किया और आरएफसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच आक्रोशित किसानों ने आरएफसी का पुतला फूंका और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। मंडी परिसर में कई घंटों तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

धरने की सूचना मिलने पर डिप्टी आरएमओ अशोक कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। उन्होंने विधायक और किसानों को आश्वासन दिया कि शाम तक गेहूं खरीद प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद विधायक बेहड़ ने धरना समाप्त किया, लेकिन साथ ही एसएमओ ओम नारायण मिश्रा को तत्काल हटाने की मांग भी दोहराई।

विधायक बेहड़ ने कहा कि वर्तमान स्थिति में किसान कई तरह की समस्याओं से जूझ रहा है। उन्हें फसल में आग लगने, चोरी होने और समय पर खरीद न होने का डर सता रहा है। इसके बावजूद प्रदेश स्तर के अधिकारी किसानों की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं दिख रहे हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े प्रोजेक्ट्स जैसे एम्स और एयरपोर्ट पर ध्यान दिया जा रहा है, जबकि गरीब किसानों की अनदेखी हो रही है।

विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे अगले दिन फिर मंडी पहुंचेंगे और जरूरत पड़ने पर बड़े आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। इस दौरान लक्ष्मण दास खुग्घर, मिस्वाल कुरेशी, मेजर सिंह, गुलशन सिंधी, दलीप बिष्ठ, राम बाबू, मोहम्मद ताहिर समेत कई किसान और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments