पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक शादी समारोह के दौरान हुआ मामूली विवाद एक दिल दहला देने वाली घटना में बदल गया। अस्कोट थाना क्षेत्र के नेपाल सीमा से सटे द्वालीसेरा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, अस्कोट थाना क्षेत्र के घिंघरानी गांव निवासी भुवन प्रसाद (50) अपनी पत्नी गीता देवी (38) के साथ बुधवार रात गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर भुवन प्रसाद ने पास में मौजूद कुल्हाड़ी से पत्नी पर हमला कर दिया।
हमले में गीता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी तब मिली जब आरोपी के परिजनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां का मंजर बेहद भयावह था—गीता देवी का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा हुआ था। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी केएस रावत ने बताया कि आरोपी की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि मृतका के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।