Sunday, May 3, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून नगर निगम बजट पास: मेयर को 50 हजार भत्ता, 365 करोड़...

देहरादून नगर निगम बजट पास: मेयर को 50 हजार भत्ता, 365 करोड़ से होंगे विकास कार्य

देहरादून: नगर निगम बोर्ड बैठक के तीसरे दिन शनिवार को शहर के विकास के लिए बड़ा फैसला लेते हुए 365 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस बजट में जहां शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दिया गया है, वहीं जनप्रतिनिधियों को मिलने वाले भत्तों में भी बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है।

बैठक में पार्षदों के बाद अब मेयर को भी प्रति माह 50 हजार रुपये भत्ता देने का प्रस्ताव पार्षद किरन की ओर से रखा गया, जिसे सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। इससे पहले पार्षदों के लिए 25 हजार रुपये मासिक भत्ते का प्रस्ताव भी पारित हो चुका है।

बैठक की अध्यक्षता मेयर सौरभ थपलियाल ने की, जिसमें शहर के विकास, बुनियादी सुविधाओं और कर्मचारियों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा हुई और उन्हें मंजूरी दी गई। नगर निगम के आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन में बढ़ोतरी के प्रस्ताव पर भी सहमति बनी।

भूमि हस्तांतरण और बुनियादी ढांचे पर जोर

नगर निगम ने हेलिपैड के पास स्थित 1200 वर्गमीटर भूमि अग्निशमन विभाग को फायर स्टेशन निर्माण के लिए देने का निर्णय लिया। इसके अलावा नकरौंदा और बालावाला क्षेत्रों में 33 केवी विद्युत उप संस्थान के निर्माण हेतु विद्युत विभाग को भूमि हस्तांतरित की जाएगी।

कई अहम विकास प्रस्ताव पास

बैठक में शहर के विकास से जुड़े 15 से अधिक प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें नगर निगम स्थित कर अनुभाग के पुराने भवन को तोड़कर नया भवन निर्माण, रेसकोर्स क्षेत्र में बहुमंजिला भवन बनाना, कूड़ा निस्तारण के लिए करीब 6 करोड़ रुपये से कॉम्पेक्टर खरीदना और घास कटिंग के लिए 30 लाख रुपये की मशीन खरीद शामिल है।

इसके अलावा शहर के 100 वार्डों के लिए 500 रिक्शा खरीदने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।

पार्षदों को विकास कार्यों के लिए बढ़ी राशि

नगर निगम बोर्ड ने पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों के लिए अब सालाना 50 लाख रुपये देने का प्रस्ताव भी पास किया है। इसके साथ ही वार्डों में सीसीटीवी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पार्षदों को अतिरिक्त 5 लाख रुपये दिए जाएंगे।

पार्षदों ने उठाए स्थानीय मुद्दे

बैठक के दौरान पार्षद तरन्नुम, सतीश कश्यप, स्वाति डोभाल, सुमित पुंडीर और संजय सिंघल सहित कई जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा।

वरिष्ठ वित्त अधिकारी भरत चंद्रा ने गत और वर्तमान वित्तीय वर्ष के आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा सदन के सामने प्रस्तुत किया।

नगर निगम के इस बजट और प्रस्तावों से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में देहरादून शहर में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों में तेजी आएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments