Sunday, May 10, 2026
Homeउत्तराखंडटिहरी झील में फ्लोटिंग हट्स पर लगी रोक, आंधी-तूफान के बाद जांच...

टिहरी झील में फ्लोटिंग हट्स पर लगी रोक, आंधी-तूफान के बाद जांच समिति गठित

टिहरी। टिहरी झील में संचालित फ्लोटिंग हट्स के संचालन पर जिला प्रशासन ने फिलहाल रोक लगा दी है। यह निर्णय हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान के दौरान सामने आई सुरक्षा खामियों के बाद लिया गया है। प्रशासन ने पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जो चार दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

जानकारी के अनुसार, बीती शाम डोबरा-चांठी क्षेत्र के समीप झील में स्थापित फ्लोटिंग हट्स तेज आंधी-तूफान की चपेट में आ गए थे। इस दौरान हट्स के एक्सल ज्वाइंट निकल गए, जिससे वे अस्थिर होकर तिरछे हो गए। घटना के समय इन हट्स में करीब 30 पर्यटक ठहरे हुए थे, जो अचानक स्थिति बिगड़ने से दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रात के समय रेस्क्यू अभियान चलाया। टीम ने सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालकर अन्य स्थानों पर शिफ्ट किया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, हालांकि किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लोटिंग हट्स के संचालन को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। साथ ही, मामले की जांच के लिए एसडीएम सदर कमलेश मेहता की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित की गई है।

इस समिति में लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधीक्षण अभियंता केएस नेगी, पुलिस उपाधीक्षक चंद्रमोहन सिंह, जिला पर्यटन विकास अधिकारी सोबत सिंह राणा तथा एसडीआरएफ ढालवाला के प्रभारी निरीक्षक को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

जिला प्रशासन का कहना है कि जांच समिति द्वारा विस्तृत निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत किए जाने के बाद ही फ्लोटिंग हट्स के संचालन को लेकर आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी गतिविधियों पर रोक जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments