रुड़की: शहर में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। बाइक सवार हमलावरों ने एक मकान में काम कर रहे मिस्त्री को बाहर बुलाकर उस पर देशी तमंचे से फायर झोंक दिए। गनीमत रही कि मिस्त्री इस हमले में बाल-बाल बच गया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गांव बिझौली निवासी गुलशेर रुड़की में बादशाह होटल के पास एक मकान में टाइल्स लगाने का काम कर रहा था। सुबह करीब नौ बजे के बाद एक युवक ने उसे आवाज देकर बाहर बुलाया। जैसे ही गुलशेर बाहर आया, पहले से घात लगाए खड़े आरोपियों ने उस पर देशी तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
फायरिंग की आवाज सुनते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे, जबकि कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए दुकानों के अंदर छिप गए।
बताया गया है कि वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर तमंचे लहराते हुए बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी।
इंस्पेक्टर प्रदीप बिष्ट ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आसिफ निवासी गांव बरला (मुजफ्फरनगर), साकिब, जस्सी उर्फ सावेज और वसीम उर्फ टुन्नू निवासी तेलीवाला, गंगनहर के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच रुड़की के नगला इमरती क्षेत्र में काम को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
फायरिंग की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हमलावर हाथ में देशी तमंचे लेकर फायरिंग कर रहे हैं और वारदात के बाद बाइक से फरार हो जाते हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।