उत्तरकाशी। जनपद उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 31 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई “ड्रग्स फ्री देवभूमि” मिशन और नशामुक्त अभियान के तहत की गई है, जिसके तहत जिले में अवैध नशे के कारोबार पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट चंचल शर्मा के पर्यवेक्षण में तहसीलदार मोरी सरदार सिंह चौहान और थानाध्यक्ष मोरी दीपक रावत के नेतृत्व में थाना मोरी पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने दूरस्थ क्षेत्र में छापेमारी की।
संयुक्त टीम ने मोरी क्षेत्र के सुदूरवर्ती ग्राम पेन्सर (कनुरा तोक मार्ग) में छापा मारकर अवैध रूप से की जा रही अफीम/पोस्त की खेती को नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान करीब 75 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में उगाई गई अवैध फसल को पूरी तरह से नष्ट किया गया।
मौके से पोस्त के पौधों और डंठलों के नमूने भी एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें आगे की जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार, बिना लाइसेंस अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले 31 भू-स्वामियों के खिलाफ थाना मोरी में मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।