Sunday, June 21, 2026
Homeअपराधदेहरादून में दहेज के लिए पत्नी की हत्या, बाइक न मिलने पर...

देहरादून में दहेज के लिए पत्नी की हत्या, बाइक न मिलने पर विवाद बना कारण; फरार पति गिरफ्तार

देहरादून। दहेज की मांग को लेकर एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के पीछे दहेज में मोटरसाइकिल न मिलने और पत्नी पर शक बताया जा रहा है। सेलाकुई थाना पुलिस ने मामले में फरार आरोपी पति को रविवार देर रात बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के भीरा थाना क्षेत्र के रडा बाजार निवासी आरिफ ने 21 अप्रैल को अपनी पत्नी शाहीन बानो की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने इसे बीमारी से हुई मौत दिखाने के लिए झूठी कहानी रच दी। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ।

थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि आरोपी अपनी पत्नी से दहेज में मोटरसाइकिल की मांग करता था। साथ ही उसे पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने का शक भी था, जिस कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। मृतका के पिता लाल मोहम्मद ने 1 मई को थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वर्ष 2025 में शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

शिकायत के अनुसार, घटना के दिन आरोपी ने फोन कर बताया कि उसकी पत्नी बीमार है। जब मृतका का भाई सेलाकुई पहुंचा तो उसे बहन की मौत की जानकारी मिली। इसके बाद मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि घटना के दिन दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान पत्नी द्वारा लात मारने पर वह गुस्से में आ गया और चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने रिश्तेदारों और पड़ोसियों को गुमराह करने के लिए बीमारी से मौत की झूठी कहानी फैलाई।

पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और उसकी तलाश शुरू की थी। अब आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments