Tuesday, May 12, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड: सोमनाथ में पीएम मोदी के रोड शो में छाया देहरादून का...

उत्तराखंड: सोमनाथ में पीएम मोदी के रोड शो में छाया देहरादून का डमरू मंडल, प्रस्तुति की प्रधानमंत्री ने की सराहना

गुजरात के सोमनाथ में आयोजित अमृत महोत्सव कार्यक्रम के दौरान देहरादून का भैरवनाथ डमरू मंडल आकर्षण का केंद्र बना रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो में डमरू मंडल की अनूठी प्रस्तुति ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। सड़क से लेकर मंदिर परिसर तक डमरू की गूंज के बीच प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के बाद स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंडल की प्रस्तुति की सराहना करते हुए इसकी तस्वीरें अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी साझा कीं।

सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को भव्य अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस विशेष आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में देशभर की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्तराखंड की पारंपरिक कला का भी प्रदर्शन किया गया। इसी क्रम में देहरादून से भैरवनाथ डमरू मंडल के 30 सदस्यीय दल को प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सोमनाथ पहुंचने के बाद हेलीपैड से मंदिर तक भव्य रोड शो निकाला गया। इस दौरान देहरादून के डमरू मंडल ने प्रधानमंत्री की कार के आगे चलते हुए डमरू वादन की प्रस्तुति दी। करीब एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक कलाकारों ने लगातार अपनी प्रस्तुति से माहौल को भक्तिमय और ऊर्जावान बनाए रखा।

डमरू की पारंपरिक धुन और कलाकारों के समन्वय ने न केवल वहां मौजूद लोगों को आकर्षित किया, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस प्रस्तुति से प्रभावित नजर आए। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद प्रधानमंत्री ने मंडल के सदस्यों से मुलाकात कर उनकी प्रस्तुति की जमकर सराहना की।

भैरवनाथ डमरू मंडल के संचालक अर्जुन श्रीवास्तव ने बताया कि मंडल के 30 कलाकारों ने इस आयोजन में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सामने प्रस्तुति देना पूरे दल के लिए गौरव का क्षण रहा। साथ ही यह उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पारंपरिक कला के लिए भी बड़ी उपलब्धि है।

कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से डमरू मंडल की प्रस्तुति की तस्वीरें साझा की गईं। इसके बाद से मंडल के कलाकारों और उनकी प्रस्तुति की सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा हो रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments