Wednesday, May 13, 2026
Homeउत्तराखंडनानकमत्ता सड़क हादसा: नई कार खरीदकर लौट रहे शिक्षक की दर्दनाक मौत,...

नानकमत्ता सड़क हादसा: नई कार खरीदकर लौट रहे शिक्षक की दर्दनाक मौत, घर में इंतजार कर रहे परिजनों तक पहुंची मातम की खबर

ऊधमसिंह नगर जिले के नानकमत्ता में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। नई कार खरीदने की खुशी लेकर घर लौट रहे चंपावत निवासी शिक्षक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार एक युवक ने भी दम तोड़ दिया। हादसे में कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार चंपावत जिले के राजकीय इंटर कॉलेज बालातड़ी में तैनात शिक्षक संजय पांडे (41) पुत्र भुवन पांडे अपने साथी शिक्षक चंद्र प्रकाश जोशी के साथ हल्द्वानी नई कार खरीदने गए थे। मंगलवार रात नई कार लेकर दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान नानकमत्ता हाईवे पर दहला चौराहे के पास उनकी कार की सामने से आ रही दूसरी कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके चलते टक्कर बेहद भीषण रही। हादसे में दोनों कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना में दूसरी कार में सवार दीपांत सिंघल (24) पुत्र पवन कुमार सिंघल निवासी हरि शिवनाथ मंदिर, आवास विकास किच्छा तथा शिक्षक संजय पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं शिक्षक चंद्र प्रकाश जोशी सहित दूसरी कार में मौजूद अभय तनेजा, निक्की तनेजा, ऋषभ सक्सेना, अनुज सक्सेना और मनप्रीत सिंह भी घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही नानकमत्ता थाना प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उप जिला चिकित्सालय सितारगंज पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने दीपांत सिंघल को मृत घोषित कर दिया।

वहीं शिक्षक संजय पांडे की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। हादसे में घायल मनप्रीत सिंह का उपचार जारी है, जबकि अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि शिक्षक संजय पांडे के घर में नई कार के पहुंचने का इंतजार हो रहा था, लेकिन खुशियों की जगह मौत की खबर पहुंचने से परिवार में कोहराम मच गया। क्षेत्र में भी इस हादसे के बाद शोक की लहर है।

प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक ने बताया कि मृतक दीपांत सिंघल के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। समाचार लिखे जाने तक मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments