रुद्रप्रयाग। नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने बुधवार को विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान केदारनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
केदारनाथ धाम पहुंचने पर मंदिर समिति एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। दर्शन के बाद उन्होंने धाम की दिव्य और आध्यात्मिक अनुभूति को अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि केदारनाथ धाम केवल एक तीर्थस्थल ही नहीं, बल्कि आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का अद्भुत केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां पहुंचने वाला प्रत्येक श्रद्धालु आत्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव करता है।
राज्यपाल नंद किशोर यादव ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य सेवाओं और विभिन्न सामाजिक एवं सेवा संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक की व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित दिखाई दे रही हैं, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल रही है।
इस दौरान राज्यपाल ने धाम में मौजूद श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहित समाज से भी संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से उनके यात्रा अनुभवों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक प्राप्त किया। राज्यपाल ने कहा कि चारधाम यात्रा भारत की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक एकता का प्रतीक है, जो देशभर के लोगों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करती है।
उन्होंने कहा कि बाबा केदार की पावन धरती पर आकर श्रद्धालुओं को नई ऊर्जा और आध्यात्मिक प्रेरणा प्राप्त होती है। केदारनाथ धाम की दिव्यता और यहां का आध्यात्मिक वातावरण हर किसी को जीवन में सकारात्मकता का संदेश देता है।