Thursday, May 14, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में सराफा कारोबारियों का विरोध प्रदर्शन आज, सोने की खरीदारी पर...

उत्तराखंड में सराफा कारोबारियों का विरोध प्रदर्शन आज, सोने की खरीदारी पर पीएम की अपील से नाराजगी

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सोना और आभूषणों की खरीदारी से बचने की अपील के बाद उत्तराखंड के सराफा कारोबारियों में नाराजगी बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि इस बयान का सीधा असर स्वर्ण व्यापार और उससे जुड़े कारीगरों पर पड़ रहा है। इसी के विरोध में प्रदेशभर के सराफा व्यापारी बृहस्पतिवार को सांकेतिक प्रदर्शन करेंगे।

ज्वैलर्स एसोसिएशन ऑफ उत्तरांचल ने बुधवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि राज्यभर में व्यापारी अपने-अपने क्षेत्रों में मोमबत्ती जलाकर विरोध दर्ज कराएंगे। राजधानी देहरादून में भी धामावाला स्थित सराफा बाजार में शाम सात बजे कैंडल जलाकर प्रदर्शन किया जाएगा।

एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव गुरजीत सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री की ओर से सोना न खरीदने की अपील का बाजार पर नकारात्मक असर दिखाई देने लगा है। उन्होंने कहा कि स्वर्ण कारोबार केवल व्यापार नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ा हुआ क्षेत्र है। ऐसे में इस प्रकार की अपील व्यापार को आर्थिक नुकसान की ओर धकेल सकती है।

उन्होंने कहा कि भारत में सोना केवल निवेश का माध्यम नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का भी प्रतीक माना जाता है। शादी-विवाह, त्योहार और शुभ अवसरों पर सोने-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। ऐसे में लोगों को सोना खरीदने से रोकने जैसी बातें बाजार में भ्रम की स्थिति पैदा कर रही हैं।

आयात शुल्क बढ़ने से सोना हुआ महंगा

सराफा कारोबारियों की चिंता सोने पर बढ़ाए गए आयात शुल्क को लेकर भी है। हाल ही में आयात शुल्क छह प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत किए जाने के बाद सोने के दामों में भारी उछाल आया है।

सराफा मंडल देहरादून के अध्यक्ष सुनील मैंसोन ने बताया कि बुधवार को एक ही दिन में सोने की कीमतों में करीब 10 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। 24 कैरेट सोना, जो एक दिन पहले करीब 1.55 लाख रुपये के स्तर पर था, वह बढ़कर 1.66 लाख 500 रुपये तक पहुंच गया।

उन्होंने कहा कि कीमतों में अचानक हुई इस बढ़ोतरी से आम ग्राहकों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और बाजार की खरीदारी प्रभावित होगी। व्यापारियों का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो आने वाले समय में सोने के दाम और अधिक बढ़ सकते हैं।

प्रदेशभर के सराफा व्यापारियों ने सरकार से स्वर्ण कारोबारियों और इस क्षेत्र से जुड़े कारीगरों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments