Thursday, May 14, 2026
Homeउत्तराखंडउत्तराखंड: चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने...

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब, 12.60 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

देहरादून। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड की ओर तेजी से बढ़ रही है। यात्रा शुरू होने के 25 दिनों के भीतर ही केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 12.60 लाख के पार पहुंच गई है। बुधवार को अकेले एक दिन में करीब 80 हजार श्रद्धालुओं ने चारों धामों में दर्शन किए।

चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ हुआ था। इसके बाद 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम और 23 अप्रैल को बदरीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। यात्रा के शुरुआती 22 दिनों में ही 5.23 लाख से अधिक तीर्थयात्री दर्शन कर चुके थे। लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार यात्रा में नया रिकॉर्ड बनने की संभावना जताई जा रही है।

चारों धामों में सबसे अधिक उत्साह केदारनाथ यात्रा को लेकर देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत केदारनाथ धाम में हुए पुनर्निर्माण कार्यों के बाद धाम का स्वरूप और अधिक भव्य एवं दिव्य नजर आ रहा है। इसके चलते श्रद्धालुओं का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में संचालित होने वाली इस यात्रा को लेकर राज्य सरकार भी पूरी तरह सतर्क है। मौसम में लगातार हो रहे बदलावों को देखते हुए सरकार ने विशेष निगरानी तंत्र तैयार किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम प्रतिकूल होने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के लिए प्रशासन ने स्लॉट मैनेजमेंट और भीड़ नियंत्रण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया है। यात्रा की निगरानी के लिए रियल टाइम डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। वहीं, पैदल यात्रा मार्ग को बेहतर बनाए जाने से श्रद्धालुओं की यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुरक्षित हो गई है।

सरकार का दावा है कि चारधाम यात्रा को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments