Sunday, October 25, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडबदरीनाथ धाम में साधना कर रहे धीरेंद्र शास्त्री, 26 मई से होगी...

बदरीनाथ धाम में साधना कर रहे धीरेंद्र शास्त्री, 26 मई से होगी कथा; देशभर से उमड़ेंगे श्रद्धालु

उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बदरीनाथ धाम में इन दिनों बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री विशेष साधना में लीन हैं। बताया जा रहा है कि वह नीलकंठ पर्वत की तलहटी में स्थित ध्यान गुफा में 25 मई तक साधना करेंगे, जिसके बाद 26 मई से बदरीनाथ धाम में भव्य कथा का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार धीरेंद्र शास्त्री छह मई को बदरीनाथ धाम पहुंचे थे। नौ मई को भगवान बदरीविशाल के दर्शन करने के बाद वह नगर पंचायत की ध्यान गुफा में चले गए, जहां वह एकांत में विशेष साधना कर रहे हैं। बताया गया है कि उन्होंने नौ मई से 25 मई तक ध्यान और साधना के लिए अनुमति प्राप्त की है।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री की ओर से ध्यान गुफा में साधना करने की अनुमति मांगी गई थी, जिसे नियमानुसार स्वीकृति दी गई। गुफा क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई हैं ताकि साधना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

चारधाम होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश मेहता ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री पिछले तीन वर्षों से लगातार बदरीनाथ धाम की यात्रा पर आ रहे हैं। इस बार उन्होंने विशेष आध्यात्मिक साधना का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि 26 मई से शुरू होने वाली कथा को लेकर धाम में तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं।

धीरेंद्र शास्त्री का बदरीनाथ धाम से विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव माना जाता है। बताया जाता है कि वह बदरीनाथ में खाकचौक के महंत बालकदास के शिष्य भी हैं। यही कारण है कि उनकी इस यात्रा और साधना को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

कथा आयोजन को लेकर स्थानीय व्यापारियों और होटल व्यवसायियों में भी उत्साह है। आयोजकों के अनुसार प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास के भी कथा कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। कथा और साधना कार्यक्रम के चलते आने वाले दिनों में बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments