धर्मनगरी हरिद्वार को बम से उड़ाने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने नशे की हालत में डायल-112 पर कॉल कर चार दिन के भीतर हरिद्वार में बम ब्लास्ट करने की धमकी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत जांच शुरू कर दी गई।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि रविवार तड़के सिटी कंट्रोल रूम में एक कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले युवक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हरिद्वार में बम विस्फोट करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उसने देश और प्रदेश के प्रमुख पदाधिकारियों के खिलाफ भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की जांच एसएसआई गोपाल दत्त भट्ट को सौंपी गई। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और मोबाइल नंबर ट्रेसिंग के जरिए आरोपी की पहचान की। जांच में पता चला कि धमकी देने वाला युवक सोहन सिंह रावत पुत्र मदन सिंह रावत निवासी ग्राम पाटा, थाना यमकेश्वर, जिला पौड़ी गढ़वाल है।
पुलिस टीम ने आरोपी को रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर धमकी दी थी। उसने बताया कि उसका उद्देश्य दहशत फैलाना था।
पुलिस के अनुसार आरोपी हरिद्वार के एक होटल में कार्यरत है और शराब पीने का आदी है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में अब तक आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।
एसएसपी ने कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की अफवाह या धमकी को गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।