Dehradun में मानकों के विपरीत संचालित हो रहे होमस्टे के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 79 और होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए हैं। इसके साथ ही जिले में अब तक कुल 96 होमस्टे के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है।
जिला प्रशासन की जांच में सामने आया कि कई होमस्टे नियमों के विपरीत होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की तरह संचालित किए जा रहे थे। बड़ी संख्या में ऐसे मामले भी मिले जिनमें होमस्टे का मालिक स्वयं वहां निवास नहीं कर रहा था। नियमों के अनुसार होमस्टे संचालन के लिए स्वामी का उसी परिसर में रहना अनिवार्य है।
जिलाधिकारी Savin Bansal ने बताया कि अप्रैल महीने से जिले में “ऑपरेशन सफाई” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बनाई गई पांच मजिस्ट्रेट टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में अब तक 136 निरीक्षण किए हैं। जांच के दौरान पहले चरण में 17 और अब दूसरे चरण में 79 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त किए गए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिन होमस्टे पर कार्रवाई हुई है, उनके नाम संबंधित वेबसाइट और रिकॉर्ड से भी हटाए जा रहे हैं ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की गलत जानकारी न मिले।
निरीक्षण में सामने आईं कई गंभीर अनियमितताएं
निरीक्षण के दौरान कई होमस्टे में अग्निशमन उपकरण नहीं मिले, जबकि कई संचालकों के पास खाद्य सुरक्षा लाइसेंस भी नहीं था। कुछ इकाइयां किराये और लीज पर संचालित होती पाई गईं। इसके अलावा कई स्थानों पर निर्धारित क्षमता से अधिक कमरे संचालित किए जा रहे थे।
प्रशासन को कुछ होमस्टे में देर रात तक नियम विरुद्ध बार संचालन, तेज ध्वनि में डीजे बजाने और गैरकानूनी गतिविधियों की शिकायतें भी मिली थीं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ स्थानों पर उपद्रवी प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा होता था, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
कानून व्यवस्था प्रभावित होने की शिकायतें
जिला प्रशासन के मुताबिक कुछ होमस्टे में नशे की हालत में हुड़दंग, तेज रफ्तार वाहन चलाने और हथियारों से फायरिंग जैसी घटनाएं भी सामने आई थीं। इन गतिविधियों के चलते स्थानीय लोगों में असुरक्षा का माहौल बन रहा था।
जिलाधिकारी ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देना है, लेकिन कुछ लोग इसका दुरुपयोग कर इसे पूरी तरह व्यावसायिक होटल की तरह चला रहे थे। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।