Wednesday, May 20, 2026
Homeअपराधरुड़की में ऑनलाइन गेम बना मौत की वजह: 40 हजार रुपये हारने...

रुड़की में ऑनलाइन गेम बना मौत की वजह: 40 हजार रुपये हारने के बाद युवक ने खाया जहर, उपचार के दौरान मौत

रुड़की के सुल्तानपुर क्षेत्र में ऑनलाइन गेम की लत एक युवक की जान ले गई। दुकान के लिए सामान खरीदने के नाम पर परिवार से लिए गए करीब 40 हजार रुपये ऑनलाइन गेम में हारने के बाद युवक मानसिक तनाव में आ गया। तनाव के चलते उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर क्षेत्र के निहेंदपुर सुठारी गांव निवासी 20 वर्षीय शोएब पुत्र जुल्फिकार कस्बे में चप्पल-जूते की दुकान चलाता था। परिजनों ने बताया कि शोएब ने कुछ दिन पहले दुकान के लिए नया सामान खरीदने की बात कहकर परिवार से करीब 40 हजार रुपये लिए थे। आरोप है कि युवक ने यह रकम ऑनलाइन गेम खेलने में लगा दी और पूरी रकम हार गया।

रुपये गंवाने के बाद शोएब काफी तनाव में रहने लगा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार को मानसिक दबाव और परेशानी के चलते उसने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। युवक की हालत गंभीर देख परिजन घबरा गए और उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।

अस्पताल में चिकित्सकों ने युवक का उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार नाजुक बनी रही। बुधवार को उपचार के दौरान शोएब ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुल्तानपुर पुलिस चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी ने बताया कि निहेंदपुर सुठारी निवासी शोएब की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments