Tuesday, October 6, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeअपराधदेहरादून में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: ऋषिकेश में जेई फैसल खान 50...

देहरादून में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई: ऋषिकेश में जेई फैसल खान 50 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

देहरादून/ऋषिकेश: उत्तराखंड विजिलेंस टीम ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश में एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी जेई पर टेंडर की पेमेंट जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस के टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सरकारी विभागों में टेंडर से जुड़े कार्य करते हैं और उन्होंने पशुलोक बैराज, ऋषिकेश में एक टेंडर डाला था। आरोप है कि उक्त कार्य की पेमेंट जारी करने के एवज में संबंधित विभाग के जेई फैसल खान लगातार रिश्वत की मांग कर रहे थे।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप टीम का गठन किया गया। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने आरोपी जेई फैसल खान को शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान फैसल खान पुत्र लियाकत हुसैन निवासी कटोराताल, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंह नगर के रूप में हुई है। विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रिश्वतखोरी में लिप्त किसी भी सरकारी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। अधिकारियों ने आम जनता से भी भ्रष्टाचार संबंधी मामलों की शिकायत तत्काल विजिलेंस को देने की अपील की है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments