Thursday, August 20, 2026
Homeउत्तराखंडदेहरादून में पश्चिमी यूपी का कुख्यात शार्प शूटर जैकी गिरफ्तार, अजय बटेजा...

देहरादून में पश्चिमी यूपी का कुख्यात शार्प शूटर जैकी गिरफ्तार, अजय बटेजा हत्याकांड का खुलासा

राजधानी देहरादून में करीब एक वर्ष पहले हुए चर्चित अजय बटेजा हत्याकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर रजत उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पश्चिमी यूपी के विभिन्न जिलों में लूट, रंगदारी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर अपराधों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2025 को राजपुर थाना क्षेत्र के कृष्णा विहार, जाखन निवासी अजय बटेजा की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई थी। शुरुआती जांच में मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस की गहन पड़ताल में हत्या की साजिश का पर्दाफाश हो गया।

जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से कई अहम सुराग जुटाए। इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि इस हत्या में पश्चिमी यूपी का शातिर अपराधी रजत उर्फ जैकी शामिल है, जो उस समय मुजफ्फरनगर जेल में बंद था।

इसके बाद पुलिस टीम ने 19 मई 2026 को मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने सुपारी लेकर अजय बटेजा की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस जांच में सामने आया कि संपत्ति विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई अमित बटेजा ने अजय की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि अमित बटेजा ने रजत उर्फ जैकी को हत्या की सुपारी दी थी। आरोपी ने अपनी प्रेमिका और अन्य साथियों की मदद से पूरी योजना तैयार कर वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद पूरे मामले को आत्महत्या साबित करने का प्रयास किया गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और लगातार की गई जांच के आधार पर पुलिस ने मामले की परत-दर-परत सच्चाई उजागर कर दी।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में नामजद अमित बटेजा, हुमेरा उर्फ जोया समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments