Friday, October 9, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखंडदेहरादून में अजय भटेजा हत्याकांड का खुलासा, 25 हजार की इनामी जोया...

देहरादून में अजय भटेजा हत्याकांड का खुलासा, 25 हजार की इनामी जोया सहारनपुर से गिरफ्तार

देहरादून में एक वर्ष पूर्व हुए चर्चित अजय भटेजा हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 25 हजार रुपये की इनामी आरोपी हुमेरा उर्फ जोया को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रॉपर्टी विवाद के चलते मृतक के सौतेले भाई ने ही हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक, यह सनसनीखेज वारदात 26 मई 2025 को राजपुर थाना क्षेत्र के जाखन स्थित कृष्णा विहार में हुई थी। अजय भटेजा संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। शुरुआती जांच में मामला उलझा हुआ था, लेकिन पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से धीरे-धीरे पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर दिया।

इस मामले में दून पुलिस पहले ही उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार कर चुकी थी। पूछताछ के दौरान राजन ने खुलासा किया कि उसने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर अजय भटेजा की हत्या की थी। इसके बाद से ही पुलिस जोया की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।

एसएसपी देहरादून के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने आखिरकार 23 मई 2026 को सहारनपुर से जोया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मृतक अजय भटेजा और उसके सौतेले भाई अमित भटेजा के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि अमित ने राजन को अपने भाई की हत्या की सुपारी दी थी और बदले में जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने का वादा किया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि योजना के तहत राजन और जोया देहरादून पहुंचे और अजय भटेजा के घर पर ही रुके। आरोपियों ने पहले अजय को शराब पिलाकर संपत्ति के दस्तावेज हासिल करने की कोशिश की, लेकिन जब वे सफल नहीं हुए तो राजन ने तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, हत्या के दौरान जोया भी मौके पर मौजूद थी और उसने साक्ष्य मिटाने में राजन की मदद की। हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए दोनों ने शव को पंखे से लटकाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो सके।

घटना के बाद आरोपियों ने कमरे की सफाई कर कई अहम सबूत मिटा दिए। साथ ही सीसीटीवी डीवीआर और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी अपने साथ ले गए। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों और पूरे षड्यंत्र की गहराई से जांच कर रही है।

दून पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है और जल्द ही मामले में अन्य गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments