Wednesday, June 10, 2026
Homeअपराधबागेश्वर में बिना दस्तावेज घूम रहा यूक्रेनी नागरिक गिरफ्तार, कपकोट पुलिस ने...

बागेश्वर में बिना दस्तावेज घूम रहा यूक्रेनी नागरिक गिरफ्तार, कपकोट पुलिस ने दर्ज की FIR

कपकोट में ट्रैकिंग के दौरान घायल हुआ विदेशी नागरिक, पूछताछ में नहीं दिखा पाया कोई वैध दस्तावेज

उत्तराखंड के बागेश्वर जिले के सीमांत क्षेत्र कपकोट में पुलिस ने बिना वैध पासपोर्ट और वीजा के रह रहे एक यूक्रेनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। ट्रैकिंग के दौरान घायल अवस्था में मिले विदेशी नागरिक से पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने उसके यात्रा संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ अप्रवास और विदेशियों विषयक विधेयक 2025 के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

जंगल में रास्ता भटकने के बाद पहाड़ी से गिरा विदेशी

जानकारी के अनुसार बीती 24 मई को कपकोट पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम डौला में एक विदेशी पर्यटक घायल अवस्था में पहुंचा है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक गोल्डी घुघत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। वहां घायल विदेशी नागरिक ने अपना नाम मेक्सिम स्टार चिंको (36 वर्ष) पुत्र स्टार चिंको एंड्रिया निवासी खारकीव, यूक्रेन बताया।

विदेशी नागरिक दर्द से कराह रहा था। स्थानीय ग्रामीण गजेंद्र सिंह की मदद से पुलिस ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर 25 मई को उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

अच्छी हिंदी बोल रहा था यूक्रेनी नागरिक

मंगलवार को उपचार के बाद जब डॉक्टरों ने विदेशी नागरिक को अस्पताल से छुट्टी दी, तब पुलिस टीम ने उससे विस्तृत पूछताछ की। पूछताछ के दौरान यूक्रेनी नागरिक अच्छी हिंदी बोलता हुआ पाया गया। उसने बताया कि वह चमोली क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए गया था, लेकिन जंगल में रास्ता भटक गया और पहाड़ी से फिसलकर घायल हो गया।

पासपोर्ट-वीजा नहीं दिखा पाया, परिवार की जानकारी भी नहीं दी

पुलिस ने जब उससे भारत में रहने और घूमने से संबंधित वैध दस्तावेज जैसे पासपोर्ट और वीजा मांगे, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इतना ही नहीं, उसने अपने परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी याद होने से भी इनकार कर दिया।

पुलिस को उसकी पहचान और भारत में अवैध रूप से रहने को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद कपकोट पुलिस ने जिला अस्पताल से मंगलवार सुबह करीब पौने आठ बजे आरोपी मेक्सिम स्टार चिंको को गिरफ्तार कर लिया।

अप्रवास एवं विदेशियों विषयक विधेयक के तहत मुकदमा दर्ज

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 3/23 अप्रवास और विदेशियों विषयक विधेयक 2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

क्षेत्राधिकारी अजय साह ने बताया कि विदेशी नागरिक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है। उसके भारत आने, यहां रहने और गतिविधियों से संबंधित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments