देहरादून जिले के रानीपोखरी क्षेत्र में एयरपोर्ट गार्ड ड्यूटी में तैनात एक हेड कांस्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हेड कांस्टेबल की कार्बाइन से लगातार 11 गोलियां चलीं, जिससे उनकी मौके पर गंभीर हालत हो गई। बाद में अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 49 वर्षीय हेड कांस्टेबल सुनील के रूप में हुई है, जो देहरादून एयरपोर्ट के स्टेट गेस्ट हाउस में तैनात थे। जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे रानीपोखरी स्थित नागाघेर क्षेत्र में उनके आवास पर अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। उस समय सुनील अपने घर के बरामदे में मौजूद थे।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें गंभीर हालत में उपचार के लिए जौलीग्रांट स्थित हिमालय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों समेत फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई।
थानाध्यक्ष राजेंद्र खोलिया ने बताया कि हेड कांस्टेबल को उनकी ही कार्बाइन से 11 गोलियां लगी हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एसपी देहात जया बलोनी ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक की लहर है। वहीं, लगातार 11 गोलियां चलने की बात सामने आने से मामला और भी रहस्यमय बन गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।