Wednesday, June 10, 2026
Homeउत्तराखंडऋषिकेश में फिर टूटा बजरंग सेतु का कांच, सुरक्षा के इंतजाम नदारद;...

ऋषिकेश में फिर टूटा बजरंग सेतु का कांच, सुरक्षा के इंतजाम नदारद; 69 करोड़ की लागत से बन रहा उत्तर भारत का अनोखा पुल

ऋषिकेश। टिहरी और पौड़ी जनपद की सीमा को जोड़ने वाले निर्माणाधीन बजरंग सेतु पुल पर एक बार फिर पारदर्शी कांच टूटने की घटना सामने आई है। करीब 69 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस आधुनिक पुल पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। उद्घाटन से पहले ही पुल पर बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग पहुंच रहे हैं, जिससे हादसे की आशंका भी लगातार बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, बजरंग सेतु के कांच वाले फुटपाथ पर असामाजिक तत्वों ने फिर नुकसान पहुंचाया है। इससे पहले अप्रैल माह में भी पुल का कांच तोड़ा गया था। बावजूद इसके पुल की सुरक्षा के लिए कोई स्थायी इंतजाम नहीं किए गए। हैरानी की बात यह है कि इतने महत्वपूर्ण और महंगे प्रोजेक्ट पर एक भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है।

इन दिनों पुल का पारदर्शी कांच पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग यहां फोटो और रील बनाने पहुंच रहे हैं। बिना किसी नियंत्रण के लगातार भीड़ कांच वाले हिस्से पर चल रही है, जिससे कांच को नुकसान पहुंचने का खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

लोक निर्माण विभाग नरेंद्रनगर की ओर से वर्ष 2022 में लक्ष्मणझूला पुल के समीप बजरंग सेतु का निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लगभग 69.20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह पुल 132.30 मीटर लंबा और पांच मीटर चौड़ा है। पुल की सबसे खास बात इसके दोनों ओर बनाया गया पारदर्शी कांच का फुटपाथ है, जिसकी चौड़ाई डेढ़-डेढ़ मीटर है। इस फुटपाथ में 65 मिमी मोटाई वाला विशेष पारदर्शी कांच लगाया गया है।

इसके अलावा पुल का प्रवेश द्वार भी विशेष आकर्षण का केंद्र है, जिसे केदारधाम की तर्ज पर डिजाइन किया गया है। यही वजह है कि उद्घाटन से पहले ही बड़ी संख्या में लोग पुल को देखने पहुंच रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उद्घाटन से पहले पुल को लोगों के लिए खुला छोड़ देना गंभीर लापरवाही है। लोगों ने मांग की है कि पुल पर तत्काल सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएं और कांच तोड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। चारधाम यात्रा के चलते ऋषिकेश में लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए पुल पर दबाव और बढ़ सकता है।

वहीं, इस मामले में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता प्रवीन करनवाल ने घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि पुल का कांच टूटा है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments