मसूरी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और क्रिकेट प्रेमियों के चहेते स्टार महेंद्र सिंह धोनी शनिवार को उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी पहुंचे। उनके शहर पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों, पर्यटकों और प्रशंसकों में उत्साह का माहौल बन गया। धोनी को देखने और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी अपनी बेटी के एक समर प्रोग्राम में प्रवेश संबंधी प्रक्रिया के लिए मसूरी आए हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने मसूरी स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल में आयोजित समर प्रोग्राम में बेटी का नामांकन कराने के उद्देश्य से यहां का दौरा किया है।
धोनी के मसूरी पहुंचने की खबर जैसे ही फैली, उनके प्रशंसक बड़ी संख्या में लालटिब्बा क्षेत्र स्थित होटल के आसपास एकत्र होने लगे। कई लोगों ने उनसे मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। हालांकि, हमेशा की तरह महेंद्र सिंह धोनी बेहद शांत, सरल और सादगीपूर्ण अंदाज में नजर आए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि धोनी का मसूरी से विशेष लगाव रहा है और वह समय-समय पर यहां आते रहते हैं। यही कारण है कि उनके आगमन की खबर शहर में तेजी से फैल गई और लोगों में उन्हें देखने की उत्सुकता बढ़ गई।
धोनी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके होटल पहुंचने की सूचना मिलते ही पर्यटक और क्रिकेट प्रशंसक बड़ी संख्या में वहां पहुंच गए। कई प्रशंसकों ने उन्हें भारतीय क्रिकेट का सबसे सफल कप्तान बताते हुए उनके प्रति अपना सम्मान और प्रेम व्यक्त किया।
फिलहाल महेंद्र सिंह धोनी का यह निजी दौरा चर्चा का विषय बना हुआ है और पूरे मसूरी में उनके आगमन को लेकर लोगों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।