देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने छात्राओं से संवाद कर उनके विचार जाने और उन्हें जीवन में सकारात्मक सोच, अनुशासन तथा निरंतर प्रयास के महत्व के बारे में प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम आज देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक सशक्त मंच बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों की प्रेरणादायक कहानियों को देश के सामने रखते हैं, जिससे अन्य लोग भी समाज और राष्ट्रहित में योगदान देने के लिए प्रेरित होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, नवाचार, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर लगातार दिए जा रहे संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन अभियानों का प्रभाव देशभर में दिखाई दे रहा है और उत्तराखंड भी इससे अछूता नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से उत्तराखंड में भी अनेक लोग अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है ताकि समाज में नवाचार और जनसेवा की भावना को और अधिक बढ़ावा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के इस संस्करण में भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से पारंपरिक और देसी पेय पदार्थों को बढ़ावा देने की अपील की तथा आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं और उनके पोषण महत्व का भी उल्लेख किया।
छात्राओं से किया संवाद
‘मन की बात’ कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के संबंध में छात्राओं से फीडबैक लिया और उनके विचारों को सुना।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अपनी रुचि के अन्य क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इससे व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास होता है और जीवन में आगे बढ़ने का आत्मविश्वास मिलता है।
उन्होंने कहा कि जीवन में किए गए छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास आगे चलकर बड़े बदलावों की नींव बनते हैं। जब कोई व्यक्ति अच्छे कार्य करता है तो उससे प्रेरित होकर अन्य लोग भी जुड़ते हैं और समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण होता है।
मुख्यमंत्री ने छात्राओं से मेहनत, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ किए गए कार्य न केवल व्यक्तिगत सफलता दिलाते हैं, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।