Tuesday, November 24, 2026
HTML tutorial
HTML tutorial
Homeउत्तराखण्डबैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, लोकसंस्कृति का प्रतीकः...

बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, लोकसंस्कृति का प्रतीकः धामी  

श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा एवं जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने सिलबट्टे से पहाड़ी नमक पीसकर स्थानीय परंपरा से भी जुड़ाव प्रदर्शित किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। केदारखंड मंदिर माला मिशन, मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों को विकसित किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन किया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, महापौर श्रीनगर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

मातृशक्ति के मानदेय में वृद्धि, युवाओं को 36 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के कल्याण एवं सशक्तिकरण के लिए लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रही है। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार एवं नकल माफिया के विरुद्ध सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है और पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। सरकार विकास और विरासत के संकल्प के साथ उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए कार्य कर रही है।

श्रीनगर में विकास कार्यों को मिलेगी गति

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से एनआईटी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज एवं नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। नगर में आधुनिक बस स्टैंड एवं पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है तथा कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। रेल कनेक्टिविटी के विस्तार से आवागमन सुगम होगा और पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। वहीं, नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण और पार्कों के सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्य शामिल हैं।

श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने श्रीनगर में यूकॉस्ट के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने तथा श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात भी कही। इसके साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग एवं देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण तथा धारी देवी मंदिर के समीप श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग प्रदान करने की भी घोषणा की।

Post navigation

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
HTML tutorial
HTML tutorial

Most Popular

Recent Comments